Sunday, May 17, 2026
No menu items!
spot_img

गोरखपुर को मिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का तोहफा, 393 करोड़ की लागत से होगा निर्माण

गोरखपुर । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ और केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप पूरी ने शनिवार को गोरखपुर में 393 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का भूमिपूजन और शिलान्यास किया। 46 एकड़ भूमि पर बनने वाला यह स्टेडियम 30 हजार दर्शकों की क्षमता से युक्त होगा और इसमें आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार खेल अवस्थापना को लगातार मजबूत कर रही है। ‘खेलो इंडिया’, ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ और खेल प्रतियोगिताओं ने देश में नई खेल संस्कृति को बढ़ावा दिया है, जिसके परिणामस्वरूप भारत का प्रदर्शन ओलंपिक, एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर हुआ है।मुख्यमंत्री ने बताया कि गोरखपुर में बनने वाले इस अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में चार हाई मास्ट स्पोर्ट्स लाइटिंग सिस्टम, मुख्य मैदान में सात प्लेइंग पिच, आठ अभ्यास पिच और प्रवेश-निकास के लिए आठ द्वार बनाए जाएंगे। स्टेडियम अग्नि सुरक्षा, भूकंपरोधी तकनीक, ऊर्जा दक्ष प्रणाली, एलईडी प्रकाश व्यवस्था और आधुनिक वातानुकूलन व्यवस्था से सुसज्जित होगा। इसके साथ ही समीप स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का भी निर्माण होगा, जहां हॉकी, इंडोर खेल और अन्य खेल गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार गांव स्तर पर खेल मैदान, विकासखंड स्तर पर मिनी स्टेडियम और जिला स्तर पर स्टेडियम विकसित कर रही है। प्रत्येक मंडल में स्पोर्ट्स कॉलेज की दिशा में काम चल रहा है। मेरठ में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने खेल नीति के तहत ओलंपिक, राष्ट्रमंडल खेल, एशियाई खेल और विश्व चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले 534 से अधिक खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दी है और 500 अन्य खिलाड़ियों की सीधी भर्ती प्रक्रिया भी शुरू की गई है।मुख्यमंत्री ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था, सड़क संपर्क और आधारभूत ढांचे में सुधार का उल्लेख करते हुए कहा कि गोरखपुर से वाराणसी और लखनऊ की दूरी पहले की तुलना में काफी कम समय में तय की जा रही है। प्रदेश के सभी जनपदों को चार लेन संपर्क मार्ग, बेहतर हवाई अड्डे और एक्सप्रेस-वे नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है।केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि गोरखपुर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण केवल एक परियोजना नहीं, बल्कि पूर्वी उत्तर प्रदेश के युवाओं के सपनों को नई दिशा देने वाला कदम है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने विकास, सुशासन और आधुनिक अवस्थापना के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है। प्रदेश की मजबूत कानून-व्यवस्था ने निवेश और औद्योगिक विकास को बढ़ावा दिया है।केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने कहा कि स्टेडियम बनने से गोरखपुर और पूर्वी उत्तर प्रदेश के युवाओं को उच्चस्तरीय खेल सुविधाएं मिलेंगी। यहां भविष्य में बड़े क्रिकेट मुकाबले और आईपीएल जैसे आयोजन होने की संभावना बनेगी, जिससे क्षेत्र में रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।कार्यक्रम को खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव और सांसद Ravi Kishan ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर खेल विषयक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में मत्स्य मंत्री संजय निषाद, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

ताज़ा ख़बरें