लखनऊ। ज्येष्ठ माह के पांचवें बड़े मंगल के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने राजधानी के विभिन्न स्थानों पर आयोजित सुंदरकांड पाठ और भंडारों में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने हजरतगंज स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और उन्नति की कामना की। साथ ही श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण भी किया।
अजय राय ने अपने कार्यक्रम की शुरुआत आलमबाग क्षेत्र के चंदर नगर गेट के निकट स्थित मौनी बाबा मंदिर से की। यहां आयोजित सुंदरकांड पाठ और भंडारे में शामिल होकर उन्होंने धार्मिक अनुष्ठान में सहभाग किया तथा उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। बड़े मंगल के अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या मौजूद रही।इसके बाद वह हजरतगंज चौराहे पर स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत दर्शन-पूजन किया और प्रदेश की खुशहाली, शांति तथा जनकल्याण की प्रार्थना की। बड़े मंगल के अवसर पर मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा।तत्पश्चात अजय राय हजरतगंज स्थित जनपथ बाजार पहुंचे, जहां कांग्रेस कमेटी के प्रोटोकॉल प्रभारी रमेश मिश्रा द्वारा आयोजित विशाल भंडारे में उन्होंने भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ प्रसाद ग्रहण किया और स्वयं भी प्रसाद वितरण कर सेवा कार्य में सहभागिता निभाई।इस अवसर पर अजय राय ने कहा कि ज्येष्ठ माह में बड़े मंगल के दिन हनुमान जी की पूजा-अर्चना और भंडारे की परंपरा वर्षों से चली आ रही है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आस्था, सद्भाव और सेवा की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि सुंदरकांड पाठ और भंडारों के माध्यम से लोगों को आध्यात्मिक शांति मिलती है तथा समाज के प्रति सेवा और समर्पण की भावना का विस्तार होता है।उन्होंने कहा कि बड़े मंगल के अवसर पर आयोजित भंडारे केवल धार्मिक आयोजन नहीं हैं, बल्कि यह समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सहयोग की भावना को भी सुदृढ़ करते हैं। ऐसे अवसर लोगों को जनसेवा और परोपकार के लिए प्रेरित करते हैं।राजधानी में बड़े मंगल के अवसर पर विभिन्न मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर विशेष पूजा-अर्चना, सुंदरकांड पाठ तथा भंडारों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर अपनी आस्था व्यक्त की।



