लखनऊ। नमन तिवारी (85) व आदि आदेश शुक्ला (50) की आतिशी बल्लेबाजी और क्षितिज त्रिपाठी (4 विकेट) की धारदार गेंदबाजी की बदौलत मेजबान लखनऊ विश्वविद्यालय (एलयू) ने नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट 2026-27 का विजयी आगाज किया। परांजपे ग्राउंड पर खेले गए उद्घाटन
मैच में एलयू ने आदेश यूनिवर्सिटी को 205 रन के विशाल अंतर से हराया।
टूर्नामेंट का उद्घाटन एलयू के कुलपति प्रो. अरविंद मोहन ने किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय स्तरीय प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को प्रतिभा निखारने और साबित करने का बड़ा मंच देती हैं। इस अवसर पर डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. अमिता कनौजिया, प्रॉक्टर प्रो. राकेश द्विवेदी, प्रो. अजय कुमार आर्य, एआईयू पर्यवेक्षक मो. एजाज खान और पूर्व रणजी क्रिकेटर उबैद कमाल व धनराज सिंह आदि मौजूद रहे।
पहले बल्लेबाजी करते हुए एलयू ने 20 ओवर में चार विकेट पर 268 रन बनाए। आदि आदेश (50 रन, 24 गेंद) और मो. अल्तमश पाशा (40 रन) ने तेज शुरुआत दी, जिसके बाद नमन तिवारी (85 रन, 33 गेंद, 8 चौके, 6 छक्के) और आदित्य (नाबाद 31 रन) ने चौथे विकेट के लिए 120 रन जोड़े। जवाब में आदेश यूनिवर्सिटी 14.1 ओवर में 63 रन पर सिमट गई। मुसन्नाह मुश्ताक ने सर्वाधिक 35 रन बनाए। एलयू से क्षितिज ने चार, जबकि शिवम व शौर्य सिंह ने दो-दो विकेट झटके।
अन्य मुकाबलों में आगरा, दीनबंधु छोटूराम, महर्षि, राजा महेंद्र प्रताप, सीएसजेएम कानपुर, मां शाकुंभरी, महाराजा रंजीत सिंह पंजाब टेक्निकल और गुरु जंबेश्वर यूनिवर्सिटी ने भी जीत दर्ज की। शहर के छह मैदानों पर खेले जा रहे इस टूर्नामेंट में 97 टीमें हिस्सा ले रही हैं।



