लखनऊ राजधानी में गुम हुए मोबाइल फोन तलाशने के अभियान में कमिश्नरेट पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस उपायुक्त उत्तरी जोन कार्यालय की सर्विलांस सेल ने अथक प्रयासों के बाद विभिन्न कंपनियों के 101 गुमशुदा मल्टीमीडिया मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 21 लाख रुपये बताई गई है। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी लौट आई और उन्होंने पुलिस टीम की जमकर सराहना की।पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर के निर्देश पर नागरिकों के खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में उत्तरी जोन थाना क्षेत्रों से मोबाइल गुमशुदगी के संबंध में प्राप्त प्रार्थना पत्रों को सर्विलांस पर लगाकर उनकी खोजबीन शुरू की गई थी।पुलिस उपायुक्त उत्तरी गोपाल कृष्ण चौधरी और अपर पुलिस उपायुक्त उत्तरी ट्विंकल जैन के पर्यवेक्षण में सर्विलांस सेल और क्राइम टीम ने तकनीकी विश्लेषण और लगातार निगरानी के माध्यम से गुमशुदा मोबाइलों की तलाश की। उ0नि0 दीपक कुमार के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न जनपदों और लखनऊ के अलग-अलग क्षेत्रों से कुल 101 मल्टीमीडिया मोबाइल फोन बरामद किए।रविवार को पुलिस उपायुक्त उत्तरी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को सौंपे गए। लंबे समय से अपने मोबाइल फोन खो चुके लोगों ने जब अपने मोबाइल वापस पाए तो उनके चेहरे खिल उठे। नागरिकों ने पुलिस आयुक्त कार्यालय, पुलिस उपायुक्त उत्तरी और सर्विलांस टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे आमजन के प्रति पुलिस की संवेदनशीलता और सक्रियता का उदाहरण बताया।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मोबाइल गुम होने की स्थिति में नागरिक तत्काल संबंधित थाने या ऑनलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे तकनीकी माध्यमों से जल्द से जल्द मोबाइल की ट्रैकिंग और बरामदगी संभव हो सके। कमिश्नरेट पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि अधिक से अधिक लोगों को राहत पहुंचाई जा सके।



