बिंदकी/फतेहपुर। जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर बिंदकी तहसील के खजुहा शिक्षा क्षेत्र के गोंधइया गांव स्थित सरस्वती ज्ञान मंदिर कांवेंट विद्यालय में जन्माष्टमी के पावन पर्व पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण और राधा के रूप में मनमोहक झांकी प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
विद्यालय में समय-समय पर प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों को आधुनिक शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया जाता है। इसी क्रम में जन्माष्टमी महोत्सव के दौरान नन्हे बच्चों ने कृष्ण और राधा का रूप धारण किया। पीले वस्त्रों में सजे नन्हे बाल कृष्ण हाथ में बांसुरी लिए नजर आए, वहीं उनके साथ राधा रानी का रूप धारण किए बच्चियां आकर्षण का केंद्र रहीं। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियां देखकर विद्यालय में मौजूद शिक्षक, अभिभावक और अन्य लोग मंत्रमुग्ध हो गए। कई लोगों ने इन खूबसूरत पलों को अपने मोबाइल कैमरे में कैद किया। विद्यालय प्रबंधक शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों को अपनी संस्कृति और सनातन परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ बच्चों को अपनी सांस्कृतिक विरासत की जानकारी होना भी जरूरी है। जन्माष्टमी के अवसर पर नन्हे कान्हा और राधा की मनमोहक झांकी ने पूरे विद्यालय परिसर को भक्तिमय बना दिया। बच्चों की मासूम अदाओं और सुंदर प्रस्तुतियों ने ऐसा वातावरण बनाया मानो विद्यालय परिसर ही वृंदावन बन गया हो।



