असोथर / फतेहपुर। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए असोथर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, रक्षाबंधन और बारावफात को लेकर पुलिस टीम ने कस्बे के मुख्य मार्गों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त व फ्लैग मार्च किया।
पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दल-बल के साथ कस्बे के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, चौराहों और प्रमुख मार्गों पर भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच भी की गई। पुलिस ने दुकानदारों और स्थानीय लोगों से भी सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान हुड़दंग, अफवाह फैलाने या कानून व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर भी भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों पर नजर रखी जाएगी। पुलिस ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि सभी लोग आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं। किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस प्रशासन ने कहा कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार गश्त और निगरानी जारी रहेगी।



