धाता/फतेहपुर। नगर पंचायत धाता क्षेत्र के नरसिंहपुर कबरहा गांव में नहर की ओर से गांव तक जाने वाला मुख्य रास्ता इन दिनों जलमग्न है। रास्ते पर काफी समय से पानी भरा होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से समस्या लगातार बनी हुई है। ग्रामीणों के मुताबिक रास्ते पर पानी अधिक होने के कारण सड़क की स्थिति दिखाई नहीं देती। रोजमर्रा के जरूरी कामों के लिए ग्रामीणों को इसी पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि पानी भरे होने के कारण रास्ते में गड्ढे और अन्य बाधाएं दिखाई नहीं देतीं। साथ ही पानी में जहरीले जीव-जंतुओं के छिपे होने की आशंका भी बनी रहती है। इससे ग्रामीण डर के बीच रास्ते से गुजरने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से जलभराव की समस्या का तत्काल संज्ञान लेकर पानी की निकासी कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते जलनिकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो समस्या और गंभीर हो सकती है। ग्रामीणों ने सुरक्षित आवागमन के लिए रास्ते को जल्द दुरुस्त कराने की भी मांग की है।



