फतेहपुर। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के मूधनपुर गांव में गुरुवार सुबह एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। युवक का शव गांव के बाहर स्थित परिवार के निजी नलकूप परिसर में बने कुएं में मिला। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
मूधनपुर निवासी गोरेलाल पुत्र भिक्खू ने हुसैनगंज थाने में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनका पुत्र दशरथ उर्फ अभिषेक गांव के बाहर स्थित निजी नलकूप पर गया था। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे युवक कुएं में मृत मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर हुसैनगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर युवक की मौत से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली। परिजनों की सूचना के आधार पर शव के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जा गई है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आने की बात पुलिस द्वारा कही जा रही है। घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण नलकूप के आसपास पहुंच गए। युवक की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।



