लखनऊ। उच्च न्यायालय के निर्देश पर लखनऊ स्थित शिया इंटर कॉलेज में पॉक्सो एक्ट से संबंधित एक विशेष जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित न्यायाधीश राजदीप सिंह ने छात्रों को यौन शोषण से बचाव और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान न्यायाधीश राजदीप सिंह ने पॉक्सो एक्ट 2012 के मुख्य प्रावधानों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि नाबालिग छात्र-छात्राएं खुद को यौन शोषण से किस प्रकार सुरक्षित रख सकते हैं। उन्होंने छात्रों को विस्तृत कानूनी जानकारी दी। वहीं, छात्रों ने भी न्यायधीश महोदय से पॉक्सो कानून से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने सहजता से समाधान किया।
कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. एस. हसन सईद ने अपने संबोधन में छात्रों को अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी। उन्होंने छात्रों से सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर एक सशक्त समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन गुलाम हुसैन ज़ैदी ने किया। इस मौके पर शाहिद हुसैन रिज़वी, हुसैन रज़ा, अहसन सईद आबदी, असग़र मेंहदी, हसन परवेज़ ज़ैदी सहित विद्यालय के सभी शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



