यूपी/रंग-बिरंगी पतंगों से सजा आसमान और तिल-गुड़ की खुशबू के साथ मकर संक्रांति गर्मजोशी, आपसी मेल-जोल और नई शुरुआत का संदेश लेकर आती है। इस खास मौके पर एण्डटीवी के लोकप्रिय कलाकारों ने इस त्योहार से जुड़ी अपनी खूबसूरत यादें, पसंदीदा व्यंजन और पारिवारिक परंपराएं साझा कीं।
‘घरवाली पेड़वाली‘ में सावी का किरदार निभा रहीं सीरत कपूर कहती हैं, ‘‘मकर संक्रांति मेरे पसंदीदा त्योहारों में से एक है, क्योंकि इसमें जबरदस्त ऊर्जा होती है। मुझे पतंग उड़ाना बेहद पसंद है। खाने की बात करें तो तिलगुल के लड्डू और चिक्की मुझे सबसे ज्यादा पसंद हैं, जिन्हें मेरी मां घर पर बनाती हैं। उनकी खुशबू ही त्योहार का एहसास करा देती है।’’
इसी तरह गीतांजलि मिश्रा, जोकि ‘हप्पू की उलटन पलटन‘ में राजेश का किरदार निभा रही हैं, ने कहा, ‘‘मेरे लिए मकर संक्रांति बचपन की यादों और अपनेपन से जुड़ी है। मुझे याद है कि हम सुबह जल्दी उठकर मां के साथ तिल के लड्डू और पूरनपोली बनाते थे। पूरे घर में तिल और गुड़ की खुशबू फैल जाती थी। आज भी, चाहे मैं कितनी ही व्यस्त क्यों न रहूं, पूरनपोली ज़रूर बनाती हूं। यह त्योहार सिर्फ फसल का नहीं, बल्कि साथ होने और कृतज्ञता का उत्सव है।’’
उधर, विदिशा श्रीवास्तव ऊर्फ ‘भाबीजी घर पर हैं‘ की अनीता भाबी कहती हैं, ‘‘मकर संक्रांति सकारात्मकता और बदलाव का त्योहार है। मुझे इसकी हर चीज़ पसंद है-ठंडी हवा, रंगीन आसमान और स्वादिष्ट पकवान। हमारे घर में मिलकर तिल के लड्डू और गुड़ की चिक्की बनाने की परंपरा है। मेरी दादी की खास रेसिपी में इलायची और ड्राय फ्रूट्स डाले जाते हैं, जिससे लड्डू और भी स्वादिष्ट बनते हैं। यह त्योहार सच में घर को मिठास और दिल को खुशी से भर देता है।’’



