लखनऊ अब तेज़ रफ्तार और दमदार टक्कर वाले खेल हैंडबॉल के रोमांच के लिए लिए तैयार है। यहां गुरुवार नौ अप्रैल से ‘यूपी प्रो हैंडबॉल लीग’ का आगाज़ होगा, जहां खेल प्रेमियों को छह दिनों तक हैंडबॉल का हाई-वोल्टेज एक्शन देखने को मिलेगा उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में एसएन पाण्डेय खेल संस्थान ट्रस्ट द्वारा आदि योगी प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से आयोजित इस लीग में हर मैच तेज़ी, ताकत और रणनीति का शानदार संगम पेश करेगा। लीग के सभी मैच 9 से 14 अप्रैल 2026 तक केडी सिंह बाबू स्टेडियम के भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी बहुउद्देश्यीय हॉल में खेले जाएंगे।
यूपी प्रो हैंडबॉल लीग के संस्थापक व प्रबंध निदेशक अमित पाण्डेय के अनुसार, सभी टीमें लखनऊ पहुंच चुकी हैं और खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह व जोश अपने चरम पर है। यहां हर टीम जीत की शुरुआत धमाकेदार अंदाज में करना चाहती है। लीग का भव्य उद्घाटन नौ अप्रैल को सुबह 10 बजे होगा। समारोह में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मुख्य अतिथि के रुप में मौजूद रहेंगे। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के तौर पर विधायक ओपी श्रीवास्तव (लखनऊ पूर्वी विधानसभा) भी समारोह की शोभा बढ़ाएंगे।
लीग का उद्घाटन मुकाबला भी काफी रोमांचक होगा। सुबह 11 बजे से शुरू होने वाले इस मैच में काशी किंग्स और गोरखपुर राउडीज़ आमने-सामने होंगी, जहां पहले ही मैच से कड़ी टक्कर और जोश की असली झलक देखने को मिलेगी।
उद्घाटन समारोह में यूपी प्रो हैंडबॉल लीग के सीईओ डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय के साथ एसएन पाण्डेय खेल संस्थान ट्रस्ट की ट्रस्टी उपमा पाण्डेय, चेयरमैन संतोष कुमार पाण्डेय व अध्यक्ष प्रखर शुक्ला सहित कई विशिष्ट हस्तियां विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
खास बात यह है कि ब्रांड एंबेसडर और जानी-मानी अभिनेत्री सबिता कलवार की मौजूदगी से खेल के साथ ग्लैमर का आकर्षण भी जुड़ जाएगा। कुल मिलाकर, लखनऊ के खेल प्रेमियों के लिए ये सिर्फ एक लीग नहीं, बल्कि तेज़ी, टक्कर और जुनून का ऐसा उत्सव बनने जा रहा है, जो हर दिन नए रोमांच का वादा करता है।
पहले दिन
काशी किंग्स बनाम गोरखपुर राउडीज़ (सुबह 11:00 बजे)
मथुरा ब्रज स्टार बनाम बर्बरीक वॉरियर्स (दोपहर 3:30 बजे)
नोएडा ब्लास्टर्स बनाम गाजियाबाद पैंथर्स (शाम 4:30 बजे)



