लखनऊ। आम आदमी पार्टी के यूपी प्रभारी व राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने मंगलवार को नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी शिक्षा माफिया के साथ मिलकर देश के नौजवानों का भविष्य बर्बाद करने में लगी हुई है और बार-बार होने वाली पेपर लीक की घटनाएं सरकार की विफलता और संरक्षण की ओर इशारा करती हैं।संजय सिंह ने कहा कि नीट परीक्षा का पेपर पहली बार लीक नहीं हुआ है। इससे पहले वर्ष 2024 में भी पेपर लीक का मामला सामने आया था और अब 3 मई को हुई परीक्षा में 180 में से 135 सवाल लीक होने की बात सामने आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़े लोग शिक्षा माफिया के पूरे नेटवर्क को संरक्षण दे रहे हैं, जिसके चलते प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता लगातार सवालों के घेरे में है।उन्होंने कहा कि देश के लाखों नौजवान दिन-रात कठिन मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन भाजपा सरकार और उसके संरक्षण में पल रहे शिक्षा माफिया उनके सपनों को कुचलने का काम कर रहे हैं। उनके अनुसार यह पता लगाया जाना चाहिए कि पेपर लीक कराने वाले लोग कौन हैं, किसके संरक्षण में यह पूरा नेटवर्क चल रहा है और शिक्षा के नाम पर यह संगठित कारोबार किन लोगों के जरिए संचालित हो रहा है।आप सांसद ने कहा कि जब भी निष्पक्ष जांच होगी तो इस पूरे नेटवर्क के तार भाजपा से जुड़े लोगों तक पहुंचते दिखाई देंगे और यही वजह है कि दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पाती। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक मामलों में दोषियों को बचाने की कोशिश की जाती है, जिससे युवाओं का विश्वास व्यवस्था से उठता जा रहा है।संजय सिंह ने कहा कि इस बार नीट परीक्षा में लगभग 22 लाख छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया था। यदि उनके परिवारों को भी शामिल किया जाए तो करोड़ों लोग इस कथित पेपर लीक कांड से प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि एक ओर छात्र कठिन परिस्थितियों में रहकर पढ़ाई करते हैं और माता-पिता अपनी जमा पूंजी बच्चों की शिक्षा पर खर्च करते हैं, वहीं दूसरी ओर भ्रष्ट तंत्र और सरकारी नाकामी के कारण उनका भविष्य संकट में पड़ जाता है। उनके अनुसार यह केवल पेपर लीक नहीं बल्कि देश के नौजवानों के साथ विश्वासघात है।भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए संजय सिंह ने आरोप लगाया कि देश में वोट चोरी से लेकर पेपर चोरी तक की घटनाएं हो रही हैं, महंगाई बढ़ी है, रुपया कमजोर हुआ है और देश की विदेश नीति भी प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में नौजवान, महिलाएं और व्यापारी वर्ग सभी असुरक्षा और चिंता के माहौल में जी रहे हैं।उन्होंने कहा कि पेपर लीक केवल परीक्षा प्रणाली पर हमला नहीं है, बल्कि यह युवाओं की मेहनत, सपनों और भविष्य पर सीधा प्रहार है। आम आदमी पार्टी इस मुद्दे को सड़क से संसद तक उठाती रहेगी और शिक्षा माफिया व उन्हें संरक्षण देने वाली ताकतों के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी।



