लखनऊ । भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर संगठनात्मक स्तर पर रणनीति तेज कर दी है। मंगलवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी की अध्यक्षता तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह की उपस्थिति में प्रदेश पदाधिकारियों, क्षेत्रीय अध्यक्षों, जिलाध्यक्षों और जिला प्रभारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला, मंडल, शक्तिकेंद्र और बूथ समितियों के सत्यापन कार्य की समीक्षा के साथ आगामी संगठनात्मक कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला ने किया। इस दौरान संगठन की जमीनी मजबूती, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आगामी चुनावी रणनीति को लेकर विस्तृत मंथन हुआ।बैठक को संबोधित करते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि विधानसभा चुनाव 2027 में प्रत्येक बूथ पर निश्चित विजय का लक्ष्य लेकर योजनाबद्ध तरीके से कार्य करना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि जिन बूथों पर भाजपा को पिछले चुनावों में सफलता मिली थी, वहां जीत के अंतर को और अधिक बढ़ाने का प्रयास किया जाए, जबकि अपेक्षाकृत कमजोर बूथों पर विशेष रणनीति और परिश्रम के साथ संगठन को मजबूत किया जाए।
उन्होंने कहा कि भाजपा को वर्ष 2017 से भी बड़ी जीत 2027 में हासिल करने के संकल्प के साथ आगे बढ़ना है। इसके लिए बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक प्रभावी बनाने, प्रत्येक कार्यकर्ता की क्षमता का उपयोग करने, सामूहिक समन्वय और मजबूत रणनीति के साथ काम करने की आवश्यकता है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि मुद्दाविहीन विपक्ष के पास न नीति है, न कार्यक्रम और न ही जनहित के लिए कोई स्पष्ट विजन। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष केवल भ्रम फैलाने और झूठ के सहारे राजनीति करने का प्रयास कर रहा है। ऐसे में भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे घर-घर जाकर विपक्ष के कथित झूठ का पर्दाफाश करें और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएं।बैठक में प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने जिला समिति, मंडल समिति, शक्तिकेंद्र और बूथ समितियों के सत्यापन कार्य की समीक्षा करते हुए नियमित बैठकों पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि जिला समितियों की बैठकें प्रत्येक माह की 1 से 15 तारीख के बीच आयोजित की जाएं, जबकि माह के प्रथम सप्ताह में मंडल समिति, तृतीय सप्ताह में शक्तिकेंद्र तथा अंतिम सप्ताह में ‘मन की बात’ कार्यक्रम के साथ बूथ समितियों की बैठकें सुनिश्चित की जाएं।धर्मपाल सिंह ने कहा कि बूथ समितियों के सत्यापन का कार्य लगभग पूरा होने की ओर है और संगठनात्मक अभियानों में मेहनती तथा सक्षम कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां दी जानी चाहिए। उन्होंने पुराने और अनुभवी कार्यकर्ताओं की सूची तैयार कर उन्हें पार्टी के अभियानों में सक्रिय भूमिका देने के निर्देश भी दिए। साथ ही संगठन की विचारधारा से जुड़े नए लोगों को भी पार्टी से जोड़ने पर बल दिया।भाजपा नेतृत्व ने संकेत दिए कि आने वाले समय में विधानसभा स्तर पर बूथ अध्यक्ष बैठकों का आयोजन कर चुनावी तैयारियों को और धार दी जाएगी, जिससे संगठन को जमीनी स्तर पर अधिक मजबूत बनाया जा सके।



