लखनऊ। भारतीय पर्वतीय महासभा द्वारा अपने पंचम वार्षिक समारोह के अंतर्गत आगामी 8 अगस्त को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय स्तर के विराट कवि सम्मेलन की तैयारियों को अंतिम रूप देने हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, व्यवस्थाओं, अतिथि स्वागत, मंच संचालन, प्रचार-प्रसार, सुरक्षा, स्वागत एवं विभिन्न समितियों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक के उपरांत पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए महासभा के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सामूहिक रूप से वृक्षारोपण कर प्रकृति संरक्षण का संकल्प लिया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए भारतीय पर्वतीय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनुपम सिंह भंडारी ने कहा कि आगामी 8 अगस्त को आयोजित होने वाला राष्ट्रीय कवि सम्मेलन महासभा के पंचम वार्षिक समारोह का मुख्य आकर्षण होगा। इस भव्य आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से पधारने वाले प्रतिष्ठित एवं प्रख्यात कवि अपनी ओजस्वी, वीर रस, हास्य, व्यंग्य एवं गीतात्मक प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय पर्वतीय महासभा समाज में सांस्कृतिक चेतना, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। वृक्षारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित एवं हरित भविष्य का संकल्प है। प्रत्येक नागरिक को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाकर उसके संरक्षण का दायित्व भी निभाना चाहिए।
डॉ. भंडारी ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि राष्ट्रीय कवि सम्मेलन एवं पंचम वार्षिक समारोह को ऐतिहासिक, भव्य एवं सफल बनाने के लिए सभी अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, समर्पण एवं टीम भावना के साथ करें, ताकि यह आयोजन राष्ट्रीय स्तर पर भारतीय पर्वतीय महासभा की सांस्कृतिक, सामाजिक एवं राष्ट्रसेवा की पहचान को और अधिक सशक्त बना सके।
कार्यक्रम के संयोजक श्री मोहन सिंह बिष्ट ने सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों से कार्यक्रम की तैयारियों में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा अधिक से अधिक साहित्य प्रेमियों, बुद्धिजीवियों एवं समाज के प्रबुद्ध नागरिकों को इस राष्ट्रीय आयोजन से जोड़ने का आग्रह किया।
बैठक एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम में महासभा के कोषाध्यक्ष श्री मोहन चन्द्र जोशी, उपाध्यक्ष श्री पूरन सिंह दरियाल, संयुक्त सचिव श्री रजनीश डोबरियाल, कार्यालय प्रभारी श्री दिनेश उप्रेती, श्री बलवंत सिंह देवड़ी, श्री भारत भूषण पांडे सहित महासभा के अनेक पदाधिकारी, सदस्य एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इसी क्रम में भारतीय पर्वतीय महासभा की दिल्ली-एनसीआर इकाई द्वारा भी आज बड़े उत्साह एवं व्यापक जनसहभागिता के साथ वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व दिल्ली-एनसीआर संयोजक आदरणीय श्री अभिनव सिंह भंडारी ने किया। उनके नेतृत्व में दिल्ली-एनसीआर इकाई के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता, भारतीय संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन तथा आगामी राष्ट्रीय कवि सम्मेलन एवं पंचम वार्षिक समारोह को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।



