लखनऊ। राजधानी के बाजारखाला थाना क्षेत्र स्थित मेहंदीगंज में पुरानी रंजिश खूनी संघर्ष में बदल गई। देर रात एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। सूचना मिलते ही बाजारखाला पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी वैभव बाजपेई उर्फ कौस्तुभ बाजपेई को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने पुरानी दुश्मनी के चलते फायरिंग करने की बात स्वीकार की है। मामले में एससी/एसटी एक्ट समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।पुलिस के अनुसार, 09 मई 2026 की रात करीब 10 बजे सूचना मिली कि मेहंदीगंज इलाके में एक व्यक्ति को गोली मार दी गई है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी बाजारखाला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की गई तथा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जांच के दौरान हमले में वैभव बाजपेई उर्फ कौस्तुभ बाजपेई की संलिप्तता सामने आई।घटना में घायल की पहचान श्याम चेतन तिवारी पुत्र सुरेश चन्द्र तिवारी निवासी मेहंदीगंज, थाना बाजारखाला के रूप में हुई। चेतन तिवारी को गंभीर हालत में तत्काल ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।घायल की पत्नी मानसी तिवारी उर्फ श्वेता ने थाना बाजारखाला में तहरीर देकर मोहल्ले के रहने वाले वैभव बाजपेई उर्फ कौस्तुभ बाजपेई, हर्षित बाजपेई तथा अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाए। तहरीर में कहा गया कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग की, घर में घुसकर धमकी दी और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।जांच के दौरान पुलिस ने त्वरित दबिश देकर आरोपी वैभव बाजपेई उर्फ कौस्तुभ बाजपेई को 10 मई 2026 को थाना बाजारखाला गेट के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मेहंदीगंज का निवासी है और अपने पिता के साथ ठेकेदारी के कार्य में सहयोग करता है। उसके पिता नगर निगम में ठेकेदारी का काम करते हैं।पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसके परिवार और चेतन तिवारी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते उसने 09 मई की रात चेतन तिवारी को जान से मारने की नीयत से गोली मारी। आरोपी ने यह भी बताया कि घटना के दौरान एक अन्य व्यक्ति ने घायल को बचाने का प्रयास किया, जिस पर उसने फायरिंग की, हालांकि वह बाल-बाल बच गया।पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अवैध असलहा भी बरामद कर लिया है। साथ ही अन्य नामजद और वांछित आरोपियों की संलिप्तता की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।मामले में थाना बाजारखाला पर मुकदमा संख्या 91/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ एससी/एसटी एक्ट के प्रावधानों में अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी वैभव बाजपेई उर्फ कौस्तुभ बाजपेई का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में मारपीट, धमकी, गुंडा नियंत्रण अधिनियम तथा अन्य आपराधिक मामलों में कई मुकदमे दर्ज हैं।फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है। बाजारखाला पुलिस के साथ चौकी, बीट पुलिस एवं अन्य पुलिस बल इस मामले की जांच और कार्रवाई में जुटे हुए हैं।



