कानपुर।उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ (UPCA) ने बुधवार को यूपी टी20 लीग के चौथे सीजन का विस्तृत रोडमैप जारी किया। ग्रीन पार्क स्थित लीग कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया गया कि इस बार लीग का मुख्य फोकस “Consolidation & Delivery” यानी संरचनात्मक मजबूती और प्रभावी क्रियान्वयन पर रहेगा।
लीग का आयोजन 14 अगस्त से 6 सितंबर 2026 के बीच किया जाएगा, जिसमें प्रदेशभर की छह फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी।
रिटेंशन नीति और टीम संरचना
सीजन-4 में फ्रेंचाइजी न्यूनतम 6 और अधिकतम 12 खिलाड़ियों को रिटेन कर सकेंगी। प्रत्येक टीम में 23 से 25 खिलाड़ी होंगे, जिनमें नीलामी के खिलाड़ियों के साथ स्थानीय कैचमेंट क्षेत्र के खिलाड़ियों को भी शामिल किया जाएगा।
खिलाड़ियों के विकास पर जोर
हर टीम के लिए 1.25 करोड़ रुपये का पर्स निर्धारित किया गया है। साथ ही उभरते खिलाड़ियों के लिए न्यूनतम फीस संरचना को भी बरकरार रखा गया है।
ट्रांसफर और ट्रायल विंडो
खिलाड़ियों के ट्रांसफर की विंडो 1 जून से 15 जून 2026 तक खुली रहेगी, जबकि ट्रायल्स 1 जून से 30 जून तक आयोजित किए जाएंगे। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में टैलेंट हंट कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे, ताकि जमीनी स्तर की प्रतिभाओं की पहचान हो सके।
SONY करेगा प्रसारण
UPCA ने जानकारी दी कि लीग का प्रसारण SONY नेटवर्क पर किया जाएगा। इसके अलावा लीग में सेलिब्रिटी पार्टनरशिप मॉडल को भी बढ़ावा देने की योजना है, जिससे ब्रांडिंग और प्रमोशन को मजबूती मिलेगी।
फैन एंगेजमेंट पर फोकस
नीलामी के बाद सभी फ्रेंचाइजी शहरों में ट्रॉफी टूर आयोजित किए जाएंगे, जिससे दर्शकों और क्रिकेट प्रेमियों का जुड़ाव बढ़ाया जा सके।
अधिकारियों ने क्या कहा
यूपी टी20 लीग के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि सीजन-4 लीग के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित होगा। उन्होंने कहा कि पारदर्शी और पेशेवर व्यवस्था के जरिए लीग को देश की सबसे मूल्यवान घरेलू टी20 लीग बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।
वहीं, UPCA के मानद सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने कहा कि यूपी टी20 लीग ने प्रदेश के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का सशक्त मंच दिया है। उन्होंने कहा कि इस सीजन में जमीनी स्तर के ट्रायल्स, खिलाड़ियों के विकास और लीग संचालन को और मजबूत किया जाएगा।



