असोथर/फतेहपुर। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की ब्लॉक स्तरीय बैठक ब्लॉक अध्यक्ष दीपू मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में क्षेत्र के किसानों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा करते हुए संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
बैठक में किसानों ने बिजली की अनियमित कटौती को प्रमुख समस्या बताते हुए नाराजगी जताई। किसानों का कहना था कि लगातार बिजली कटौती से कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। समस्या को लेकर संगठन ने पांच अक्टूबर को किसान महापंचायत आयोजित करने का निर्णय लिया। पदाधिकारियों ने बताया कि महापंचायत में किसानों की समस्याओं और बिजली कटौती के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाएगा। बैठक के दौरान संगठन की नीतियों और किसान हित में किए जा रहे प्रयासों से प्रभावित होकर सैकड़ों युवा किसानों ने भाकियू टिकैत की सदस्यता ग्रहण की। ब्लॉक अध्यक्ष दीपू मिश्रा ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि किसानों के अधिकारों और समस्याओं को लेकर संगठन हर स्तर पर आवाज उठाएगा। बैठक में संगठन के संरक्षक सोनू सिंह गौतम और रविदेव सिंह गौतम की विशेष मौजूदगी रही। इसके अलावा पप्पू सिंह सरकंडी, सोनू शुक्ला, पवन वर्मा, विभिन्न ग्राम सभाओं के अध्यक्ष, संदीप गुप्ता, शिवम सिंह ऐझी, धीरज साहू, धर्मेंद्र सिंह, मुकेश परिहार समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।



