फतेहपुर। उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में 35 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी कर 125 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने पर फतेहपुर के कोटेदार संगठनों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय के प्रति आभार जताया। गुरुवार को विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स को ज्ञापन सौंपकर सरकार के निर्णय के लिए धन्यवाद दिया।
आल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश फतेहपुर और उत्तर प्रदेश सस्ता गल्ला विक्रेता परिषद की फतेहपुर इकाई के पदाधिकारियों ने कहा कि उचित दर विक्रेता सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से गरीब, जरूरतमंद और पात्र परिवारों तक खाद्यान्न पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में लाभांश में की गई बढ़ोतरी से कोटेदारों को आर्थिक मजबूती मिलेगी। पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार के इस निर्णय से यह भी स्पष्ट होता है कि उचित दर विक्रेताओं की समस्याओं और उनके सेवा कार्य को गंभीरता से लिया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री और खाद्य एवं रसद मंत्री का विशेष आभार जताते हुए कहा कि कोटेदारों के हित में लाभांश बढ़ाने का निर्णय उनकी समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने के प्रयासों का परिणाम है। संगठनों ने उम्मीद जताई कि आगे भी उचित दर विक्रेताओं की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए सरकार की ओर से सकारात्मक निर्णय लिए जाते रहेंगे। जनपद के समस्त उचित दर विक्रेताओं की ओर से जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को धन्यवाद ज्ञापन प्रेषित किया गया। इस दौरान आल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह, कोटेदार संघ के जिलाध्यक्ष निर्मोही उमेश त्रिवेदी, उत्तर प्रदेश सस्ता गल्ला विक्रेता परिषद के प्रदेश संगठन मंत्री भारत साहू, महामंत्री सौरभ अग्रहरि सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।



