लखनऊ। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ द्वारा अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सआदतगंज पुलिस ने दहेज हत्या के एक चर्चित मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अपनी पत्नी की कथित दहेज हत्या के मामले में फरार चल रहा था और ट्रॉमा सेंटर से छुट्टी मिलने के बाद शहर छोड़कर भागने की फिराक में था।पुलिस के अनुसार सहायक पुलिस आयुक्त बाजारखाला और प्रभारी निरीक्षक सआदतगंज के निर्देशन में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर ट्रॉमा सेंटर, केजीएमयू से सागर लोधी (29) निवासी सुल्तानपुर गढ़ैया, थाना सआदतगंज को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ थाना सआदतगंज में मुकदमा अपराध संख्या 111/2026 के तहत धारा 80(2), 85 बीएनएस तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 में मामला दर्ज है।पुलिस के मुताबिक 31 मई 2026 को कानपुर निवासी सुनील कुमार वर्मा ने थाना सआदतगंज में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी 23 वर्षीय भतीजी को अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया गया और उसकी हत्या कर दी गई। शिकायत के आधार पर मृतका के पति सागर लोधी तथा अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से सागर फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही थी।मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी ट्रॉमा सेंटर में उपचार करा रहा है और अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद फरार होने की योजना बना रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ट्रॉमा सेंटर यूनिट-1 के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने अपनी पहचान सागर लोधी पुत्र राजेश लोधी के रूप में बताई।पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह दहेज हत्या के मुकदमे में नामजद होने के कारण गिरफ्तारी से बचने का प्रयास कर रहा था। पुलिस का कहना है कि आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है और मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विशाल कुमार यादव, उपनिरीक्षक जितेन्द्र कुमार वर्मा, उपनिरीक्षक विशाल पटेल, कांस्टेबल अंकित कुमार, कांस्टेबल बृजेश कुमार तथा कांस्टेबल अवनीश कुमार शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि दहेज हत्या जैसे गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।



